EducationFeatured
Trending

राज्यपाल पुरस्कार व अलंकरण समारोह : स्काउटिंग एक ऐसी विद्या जो नई चीजें सीखाती है – राज्यपाल हरिचंदन

राज्यपाल हरिचंदन ने कहा कि स्काउट गाइड का मुख्य उद्देश्य देश की सेवा करना है।

रायपुर, 11 जनवरी। गुरुवार को भारत स्काउट्स और गाइड्स, छत्तीसगढ़ (The Bharat Scouts &. Guides, CG) द्वारा राज्य स्तरीय राज्यपाल पुरस्कार अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। राजभवन में संपन्न हुए समारोह में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने शैक्षिक सत्र 2022- 23 के सफल स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स को राज्यपाल पुरस्कार (Governor Awards) प्रदान किया।

इसी तरह राज्य स्तर पर चयनित 3- 3 सर्वश्रेष्ठ स्काउट- गाइड, 2- 2 सर्वश्रेष्ठ रोवर- रेंजर को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया। सभी को प्रमाण पत्र के साथ 10- 10 हजार रुपए की राशि राज्यपाल की ओर से प्रदान की गई। 2- 2 सर्वश्रेष्ठ स्काउटर, गाइडर को भी राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। 7 स्काउटर को दीर्घ सेवा अलंकरण व 4 गाइडर को दीर्घ सेवा अलंकरण से सम्मानित किया गया। एलटी रोवर अशोक देशमुख और एलटी रेंजर सरिता पांडेय को मेडल ऑफ मेरिट प्रदान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल हरिचंदन ने कहा कि स्काउट गाइड का मुख्य उद्देश्य देश की सेवा करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘‘युवा आवाज विकसित भारत 2047‘‘ नामक एक अभियान शुरू किया है। इस अभियान को सफल बनाने में आप लोगों की महती भूमिका है। आप आगे बढ़ें और देश व समाज को आगे बढ़ाने के लिए समर्पण भाव से कार्य करें।

श्री हरिचंदन ने कहा कि स्काउटिंग एक ऐसी विधा है, जो नई-नई चीजें सीखने में मदद करती है और विभिन्न परिस्थितियों से मुकाबला करने के लिए प्रेरित करती है। स्काउटिंग विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उच्च चरित्र मूल्यों और आदर्शों का पालन करते हुए अपना काम आसानी से करना सिखाता है। कैंपिंग, लंबी पैदल यात्रा, ट्रैकिंग, आपदा प्रबंधन, साहसिक कार्यक्रम, पर्वतारोहण, प्रकृति अध्ययन आदि कार्यक्रमों के माध्यम से युवा लड़कों और लड़कियों के समग्र विकास में योगदान देता है। प्रतिज्ञा लेने के तुरंत बाद स्काउट्स और गाइड्स को पहले अपने, फिर अपने परिवार के लिए उपयोगी होने की सीख दी जाती है और उन्हें अनुशासित और समर्पित तरीके से राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।

श्री हरिचंदन ने पचमढ़ी, कुल्लू मनाली, दार्जिलिंग, गोवा, लेह-लद्दाख, जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाले साहसिक शिविरों में छत्तीसगढ़ के स्काउट गाइड की सक्रिय भागीदारी और राज्य सरकार द्वारा उन्हें लगातार सुविधा प्रदान करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। राज्यपाल ने सभी स्काउट गाइड के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर स्कूल एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में स्वच्छता, शिक्षा और सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता लाने के लिए कार्य करने कहा।

समारोह को भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, राज्य मुख्य आयुक्त विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल ने दिया। समारोह का संचालन सयुंक्त रूप से राज्य सचिव कैलाश सोनी लीडर ट्रेनर अशोक देशमुख ने किया। आभार राज्य सचिव द्वारा व्यक्त किया गया। समारोह में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, राज्य के अन्य पदाधिकारी, यूनिसेफ के अधिकारी, विभिन्न जिलों से आये हुए स्काउट्र, गाइडर, रोवर, रेंजर एवं स्काउट-गाइड उपस्थित थे।

कॉफी टेबल बुक किया लॉन्च

छत्तीसगढ़ स्काउट गाइड और युनिसेफ के सहयोग से राज्य के 13 जिलों में ‘तरूण्य वार्ता‘ नामक कार्यक्रम के माध्यम से किशोर-किशोरियो में जागरूकता लाने का कार्य किया जा रहा है। समारोह में राज्यपाल ने इस परियोजना से संबंधित काफी टेबल बुक और वीडियो लॉन्च किया।

ये रहे सर्वश्रेष्ठ स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर

समारोह में सर्वश्रेष्ठ स्काउट सर्वश्री आकाश देवांगन, तुषार कुमार, अमन कुमार देवांगन, सर्वश्रेष्ठ गाइड आशा साहू, छाया साहू, प्रभा बरेठ, सर्वश्रेष्ठ रोवर नमन साहू, नीलकमल, सर्वश्रेष्ठ रेंजर उन्नति तिवारी, उमेश्वरी कवर, सर्वश्रेष्ठ स्काउटर विजय कुमार यादव, गिरीश कुमार पाढ़ी, सर्वश्रेष्ठ गाइडर मधुमाला कौशल और शहिना परवीन को राज्यपाल ने पुरस्कृत किया।

Related Articles

Back to top button