भाजपा ने फिर चौंकाया, मोहन यादव होंगे MP के मुख्यमंत्री
मोहन यादव के नाम का प्रस्ताव खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रखा

भोपाल, 11 दिसम्बर। मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री (Chief Minister of MP) मोहन यादव (Mohan Yadav) होंगे। सोमवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगाई गई। उज्जैन दक्षिण से विधायक चुने गए मोहन यादव के नाम का प्रस्ताव खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रखा। दो उपमुख्यमंत्री भी होंगे, जगदीश देवड़ा और राजेेंद्र शुक्ल। इसके अलावा नरेन्द्र सिंह तोमर विधानसभा अध्यक्ष होंगे।
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने कहा, विधायक दल की बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने विधायक दल के नए नेता के रूप में मोहन यादव का नाम प्रस्तावित किया। नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने प्रस्ताव का समर्थन किया।
मध्य प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, यह सिर्फ भाजपा ही है जो एक छोटे से कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देती है… मैं इस नए दायित्व के लिए आभार व्यक्त करता हूं… निश्चित रूप से इस विकास के कारवां को हम आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा, मैं केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं कि मेरे जैसे छोटे से कार्यकर्ता को यह जो जवाबदारी दी है… आपके प्यार और सहयोग से मैं अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने का प्रयास करूंगा।
बाद में मध्य प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राजभवन में राज्यपाल मंगूभाई सी. पटेल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।