बड़ी खबर : विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री
प्रचार के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा था कि, इन्हें जिताइए, मैं इनको बड़ा आदमी बना दूंगा

रायपुर, 10 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग गई है। भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता और कुनकुरी से विधायक विष्णुदेव साय (Vishnudev Sai) मुख्यमंत्री बनाए गए हैं।
रायपुर के बीजेपी प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया है। बीजेपी की ओर से नियुक्त तीनों पर्यवेक्षकों समेत पार्टी के बड़े नेता बैठक में मौजूद हैं। बताया गया है कि छत्तीसगढ़ में डिप्टी सीएम का पद भी हो सकता है।
वे 2 बार छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। प्रचार के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा था कि, इन्हें जिताइए, मैं इनको बड़ा आदमी बना दूंगा।
किसने क्या कहा
BJP नेता विष्णुदेव साय को विधायक दल का नेता चुने जाने पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर ने कहा, “इससे बढ़िया और क्या निर्णय होगा, श्रेष्ठ कार्यकर्ता, अनुभवी कार्यकर्ता, अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में मंत्री रहे कार्यकर्ता को हमने चुना है, इससे अच्छा और क्या हो सकता है।”
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रेणुका सिंह सरुता ने कहा, ”मुझे बहुत खुशी है कि विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बनेंगे। छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार किसी किसान परिवार से आने वाले आदिवासी समुदाय के कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है।”
छत्तीसगढ़ भाजपा विधायक दल की बैठक पर भाजपा नेता नारायण चंदेल ने कहा, “वे(विष्णुदेव साय) बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। हमारे प्रदेश अध्यक्ष हैं। बहुत सहज हैं, सरल हैं, विनम्र हैं और एक ऐसा चेहरा हैं जिसका कोई विरोध नहीं कर पाया… “