कोरबा : समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने प्रशांति वृद्धाश्रम के केअरटेकर को धमकाया
संस्था ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से की शिकायत

कोरबा, 01 जनवरी। समाज कल्याण विभाग, कोरबा के उप संचालक हरीश सक्सेना एवं परिवी़क्षा अधिकरी मुकेश दिवाकर द्वारा प्रशांति वृद्धाश्रम (Prashanti Old Aged Home) के केअरटेक को धमकाए जाने की शिकायत कलेक्टर से की गई है।
शिकायत पत्र में बताया गया है कि समाज कल्याण विभाग, कोरबा के उप संचालक हरीश सक्सेना एवं परिवी़क्षा अधिकरी मुकेश दिवाकर द्वारा प्रशांति वृद्धाश्रम के महिला वार्ड में अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया गया। दोनों अधिकारियों ने केअरटेकर बीरू यादव को बुलाकर धमकाना शुरू किया और कहा गया कि बुजुर्ग महिला सुखमत बाई बघेल को क्यों रखा गया है। हरीश सक्सेना ने प्रशांत वृद्धाश्रम के लोगों को नेतागिरी करने वाला बोलते हुए दबावपूर्वक बात की गई। दोनों अधिकारियों ने संस्था के पदाधिकारियों से बात करना भी जरूरी नही समझा।
नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के अध्यक्ष ने कलेक्टर को की गई शिकायत में बताया कि बुजुर्ग महिला सुखमत बाई बघेल को महापौर द्वारा प्रशांति वृद्धाश्रम में भेजा गया था। सुखमत बाई बघेल समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित स्नेह सदन वृद्धाश्रम में निवास कर रहीं थीं। महापौर कार्यालय से सुखमत बाई बघेल को प्रशांति वृद्धाश्रम में भर्ती करने के दौरान जानकारी दी गई थी कि उन्हें स्नेह सदन वृद्धाश्रम में प्रताड़ित किया जा रहा है। इसलिए सुखमत बाई बघेल को प्रशांति वृद्धाश्रम में भर्ती किया जाए। बुजुर्ग सुखमत बाई बघेल द्वारा स्नेह सदन वृद्धाश्रम में प्रताड़ित किए जाने की शिकायत पुलिस में भी दर्ज कराई गई है।
कलेक्टर को की गई शिकायत में यह भी बताया गया है कि समाज कल्याण विभाग के उप संचालक हरीश सक्सेना द्वारा प्रशांति वृद्धाश्रम के प्रति निरंतर उपेक्षित व्यवहार किया जा रहा है। पूर्व में भी दो बार समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धाश्रम के केअरटेकर को धमकाने का कार्य किया गया था। समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रशांति वृद्धाश्रम के कई दस्तावेज (रिकार्ड) भी ले लिए गए थे, जो वापस नहीं किए गए हैं।



