PoliticsFeatured

निगम कोरबा : अशोक चावलानी दौड़ में सबसे आगे, पार्टी के डिसिशन मेकर नेताओं से भेंट

भाजपा में सभापति के चयन को लेकर कवायद शुरू हो गई है

कोरबा, 21 फरवरी। नगर पालिक निगम, कोरबा (Municipal Corporation, Korba) का मेयर पद और 67 में 45 वार्डों में जबरदस्त जीत के बाद अब भाजपा में सभापति के चयन को लेकर कवायद शुरू हो गई है। सभापति का चुनाव पार्षदों द्वारा किया जाता है।

निगम, कोरबा में भाजपा के 45 पार्षद चुनाव जीत कर आए हैं। 11- 11 वार्ड में कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद हैं। भाजपा के लिए सभापति का चुनाव बेहद आसान है। कहा जा रहा है कि 11 निर्दलीय में लगभग आधे पार्षदों का झुकाव भाजपा की ओर है। ऐसे में सभापति का चुनाव निर्विरोध हो सकता है।

इधर, सभापति का पद पाने के लिए दावेदार सक्रिय हो गए हैं। भाजपा से कई ऐसे पार्षद हैं, जो इस पद की चाह में हैं, लेकिन बताया जा रहा है कि अशोक चावलानी (Ashok Chawlani) सबसे बड़े दावेदार हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार उन्हें पार्षद प्रत्याशी का टिकट इसी के मद्देनजर दिया गया था। अशोक चावलानी ने वार्ड क्रमांक 31 से जीत दर्ज की है। वे नगर पालिक निगम, कोरबा में सभापति का दायित्व निभा चुके हैं। भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। अशोक चावलानी चुनावों में एक रणनीतिकार की भूमिका निभाते हैं। उनके तमाम अनुभवों को देखते हुए माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें सभापति का उम्मीदवार बनाएगी।

शुक्रवार को कोरबा के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में महापौर संजू देवी राजपूत और अशोक चावलानी, नरेन्द्र देवांगन सहित अन्य लोगों ने रायपुर में पार्टी के बड़े पदाधिकारियों से मुलाकात की है। इनमें सबसे प्रमुख मुलाकात भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय तथा क्षेत्रीय संग़ठन मंत्री अजय जामवल के साथ रही है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और नगरीय निकाय चुनाव के प्रदेश संयोजक रहे भूपेंद्र सवन्नी से भी भेंट की गई है। हालांकि यह मुलाकात चुनाव में जीत हासिल करने के बाद की थी, लेकिन कहा जा रहा है कि सभापति के चयन को लेकर भी चर्चा करना था।

दूसरी ओर भाजपा से नेता प्रतिपक्ष रहे हितानंद अग्रवाल भी खासा जोर लगा रहे हैं। दावेदारों में मंत्री के भाई नरेन्द्र देवांगन भी हैं। बालकोनगर क्षेत्र से पार्षद बने और मंत्री श्री देवांगन के करीबी सत्येन्द्र दुबे की सभापति की दौड़ में हैं। चंद्रलोक सिंह का नाम भी चर्चा में है।

Related Articles

Back to top button