EducationFeatured

छत्तीसगढ़  : स्काउट गाइड के राज्य प्रशिक्षण केन्द्र होंगे विकसित, मेंबरशिप ग्रोथ पर फोकस

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक

scout guide : रायपुर। 24 मार्च को आयोजित हुई भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ (The Bharat Scouts and Guides) की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक में मेंबरशिप ग्रोथ पर फोकस करते हुए राज्य प्रशिक्षण केन्द्रों को विकसित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में विशेष रूप से नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की राज्य उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा उपस्थित हुईं। राज्य कार्यकारिणी द्वारा राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर उनका सम्मान किया गया।

राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा की अध्यक्षता में आयोजित हुई राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक में 2026- 27 के वार्षिक बजट का अनुमोदन किया गया। वार्षिक युवा एवं एडल्ट कार्यक्रम पर चर्चा और सुझाव लेते हुए इसका भी अनुमोदन किया गया। बेसिक कमिश्नर्स कोर्स, राज्य पुरस्कार रैली एवं अलंकरण समारोह, रोवर रेंजर समागम सहित एजेंडा के अन्य विषयों पर चर्चा की गई एवं इसे पारित किया गया। राज्य मुख्यालय के कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी का विषय भी राज्य कार्यकारिणी में लाया गया। अभनपुर एवं झीपम स्थित राज्य प्रशिक्षण केन्द्र के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई।

राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने बताया कि प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जम्बूरी को सीमित बजट और सीमित संसाधनों में आयोजित करने को लेकर राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। सीमित बजट और संसाधनों में भव्य जम्बूरी का आयोजन किया गया। श्री खालसा ने कहा कि राज्य मुख्यालय का पूरा फोकस मेंबरशिप ग्रोथ पर है। राज्य में स्काउटिंग के क्रियाकलापों को गति देने का कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है।

राज्यसभा सदस्य एवं उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि स्काउटिंग से जुड़ा हर युवा और लीडर न केवल समर्पित भाव से कार्य करता बल्कि हर पस्रिस्थिति के लिए तैयार रहता है। स्काउटिंग के माध्यम से समाज की दशा सुधारने मेंं योगदान दिया जा रहा है और दिशा दिखाई जा रही है। लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि विश्वव्यापी स्काउट आंदोलन से वे जुड़ीं। राज्य सचिव ब्रजेश वाजपेयी ने तकनीकी जानकारी देते हुए आभार व्यक्त किया।

बैठक में मत्स्य कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एवं जिला मुख्य आयुक्त, कांकेर भरत मटियारा, राज्य उपाध्यक्ष द्वय विजय केशरवानी, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, सुनिता वोहरा, राज्य कोषाध्यक्ष हेमंत देवांगन, राज्य आयुक्त रेंजर डा. नीता वाजपेयी, राज्य आयुक्त वयस्क संसाधन सीमा साहू, संयुक्त राज्य सचिव बीना यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button