ChhattisgarhFeatured

“जर्जर सड़कों पर फूटा वकीलों का गुस्सा: 7 अगस्त को कोरबा में सड़क पर उतरेगा जिला अधिवक्ता संघ

7 अगस्त को दोपहर 1 बजे जिला न्यायालय परिसर से बालको परसाभाठा चौक तक रैली निकाली जाएगी

कोरबा (IP News) : जिले की बदहाल और जानलेवा सड़कों को लेकर अब अधिवक्ताओं का सब्र जवाब दे गया है। जिला अधिवक्ता संघ, कोरबा (Korba) ने 7 अगस्त, 2026 को विशाल शांतिपूर्ण रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। संघ का कहना है कि वर्षों से सड़कें जर्जर हैं, गहरे गड्ढों के कारण रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं।

जिला अधिवक्ता संघ द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 7 अगस्त को दोपहर 1 बजे जिला न्यायालय परिसर से बालको परसाभाठा चौक तक रैली निकाली जाएगी, जहां प्रदर्शन कर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

संघ का कहना है कि कोरबा और बालको क्षेत्र की सड़कें लंबे समय से खस्ताहाल हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल हो जाता है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई लोग घायल हो चुके हैं और कई परिवार हादसों का दंश झेल चुके हैं।

जिला न्यायालय में प्रतिदिन लगभग 1200 अधिवक्ता विधि व्यवसाय करते हैं, जिनमें करीब 100 अधिवक्ता बालको क्षेत्र से प्रतिदिन आवागमन करते हैं। खराब सड़कों के कारण अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम नागरिकों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।

अधिवक्ता संघ ने आरोप लगाया है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष शिकायतें एवं आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक सड़क सुधार के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इसी कारण लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन का निर्णय लिया गया है।

रैली के बाद कलेक्टर को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में बालको और कोरबा जिले की सभी जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों का तत्काल निर्माण, दुर्घटना-प्रवण स्थानों की मरम्मत, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा नागरिकों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।

जिला अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों के जीवन, सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन के अधिकार की रक्षा के लिए किया जा रहा है। संघ ने सभी अधिवक्ताओं से रैली में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button