Assembly Election 2026Featured

छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव : भाजपा का घोषणा पत्र, किए 20 वादे, कहा- प्रॉपर्टी टैक्स में देंगे छूट

Municipal elections : रायपुर , 03 फरवरी। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव को लेकर अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र में भारतीय जनता पार्टी ने 20 बड़े वादे किए हैं। इसमें प्रॉपर्टी टैक्स में छूट देने का वादा किया गया है।

1. नजूल भूमि के साथ सभी पट्टा धारकों को भूमि स्वामी बनाया जाएगा।

2. 3 लाख पीएम आवास योजना को पूरा करेंगे। जो बिजली बिल और समेकित कर (टैक्स) देते हैं उन्हें आवास बनाने की पात्रता दी जाएगी।

3. महिलाओं के नाम पर दर्ज संपत्तियों पर प्रॉपर्टी टैक्स में 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। हर महीने 7 तारीख से पहले संपत्ति टैक्स जमा करने वालों को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

4. हर नगर निगम में महापौर सम्मान निधि की स्थापना होगी। इससे UPSC मेंस पास करने वाले उम्मीदवारों को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे।

5. हर नगरीय निकाय के व्यवसायिक केंद्र में बिजली सड़क शौचालय पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगे।

6. बाजारों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट की सुविधा का विस्तार होगा।

7. छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल और कॉलेज में मुफ्त वाई-फाई सुविधा तय करेंगे।

8. स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम सम्मान निधि से 30 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी। स्मार्ट वेंडिंग जोन, फूड स्ट्रीट की स्थापना करेंगे।

9. समाधान योजना के तहत बिना जुर्माना या ब्याज लगाए पुराने संपत्ति टैक्स को एक मुश्त निपटाया जाएगा।

10.स्कूल और कॉलेज में छात्रों के लिए फ्री सैनिटरी पैड की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

11. स्व सहायता समूह के लिए हर नगर निगम में बर्तन बैंक बनाएंगे। महतारी वंदन योजना की महिलाओं को ढाई लाख रुपए तक का ऋण और फ्री ट्रेनिंग दी जाएगी।

12. यूजर चार्ज का युक्त युक्तिकरण किया जाएगा, यानी इसे कम किया जा सकता है।

13. हर घर में कचरा बाल्टी दी जाएगी। रात में भी सफाई होगी। स्मार्ट वेस्ट मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जाएगा।

14. माय सिटी मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा इसमें नगर निगम की सीमाएं ऑनलाइन होगी। हर जोन में एक सेवा केंद्र बनाया जाएगा ताकि बार-बार नगर निगम दफ्तर ना जाना पड़े।।

15. नल-जल व्यवस्था को बेहतर करेंगे, पानी टंकियां बनाएंगे।

16. सिकल सेल एनीमिया मुक्त प्रदेश के लिए नगर निगम क्षेत्र में स्क्रीनिंग केंद्र स्थापित करेंगे।

17. हर तालाबों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाएगा, ताकि तालाब स्वच्छ रहें।

18. हर नगर निगम क्षेत्र में गोकुल नगर बनाए जाएंगे ताकि गोवंश संरक्षण देखभाल और उनके रहने का बंदोबस्त हो सके।

19. कार, दो पहिया वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग का इंतजाम।

20. सभी नगर निगम इलाकों में नालंदा परिसर की तरह सार्वजनिक स्टडी सेंटर शुरू किया जाएगा। पुस्तकालय में सीट की संख्या बढ़ाई जाएगी।

source : bhaskar

Related Articles

Back to top button